2005 से संचालित इंटर काॅलेज गंगानगर में स्वीकृत नहीं हुआ गणित विषय
संवाद न्यूज एजेंसी
अल्मोड़ा। लमगड़ा ब्लाॅक के जीआईसी गंगानगर मोतियापाथर में हाईस्कूल के बाद गणित की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। उच्चीकरण के 18 साल बाद भी इंटर में गणित विषय स्वीकृत नहीं हुआ।
नई शिक्षा नीति के तहत सरकारी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था की बेहतरी के कई दावे धरातल पर नहीं उतर पा रहे हैं। जीआईसी गंगानगर मोतियापाथर इसका प्रमाण है। वर्ष 2005 में इस हाईस्कूल को उच्चीकृत कर इंटर कॉलेज के रूप में संचालन किया गया। 18 साल के लंबे इंतजार के बाद भी यहां गणित विषय संचालित नहीं हो सका है जबकि विद्यार्थियों के साथ ही अभिभावक इसकी मांग सालों से कर रहे हैं। गणित विषय की स्वीकृति के लिए शासन में भेजा गया प्रस्ताव सरकारी फाइलों में धूल फांक रहा है और हाईस्कूल के बाद विद्यार्थी गणित का ज्ञान लेने के लिए अन्य विद्यालयों का रुख कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर गणित विषय संचालित न होने से वे जीव विज्ञान की पढ़ाई करने के लिए मजबूर हैं।
-
नहीं मिल रहा विज्ञान का ज्ञान
अल्मोड़ा। जीआईसी गंगानगर मोतियापाथर में पिछले छह माह से भौतिक विज्ञान के अलावा राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र विषय के प्रवक्ताओं के पद रिक्त हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अभिभावकों को अपने बच्चों के भविष्य की चिंता सता रही है।
-
कोट-
जीआईसी गंगानगर मोतियापाथर में प्रवक्ताओं के रिक्त पदों की सूचना उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। इंटर में गणित विषय संचालित करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इसे स्वीकृति का इंतजार है।- प्रेमा बिष्ट, खंड शिक्षाधिकारी, लमगड़ा।