बागेश्वर। प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती के विरोध में माध्यमिक शिक्षक अब देहरादून में आंदोलन करेंगे। माध्यमिक शिक्षकों ने पहली नवंबर को शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव करने का ऐलान किया है। इस आंदोलन में शिक्षकों के परिवार के सदस्य भी शामिल रहेंगे। माध्यमिक शिक्षक प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती के विरोध, शत प्रतिशत पदोन्नति और हर साल अनिवार्य स्थानांतरण की मांग को लेकर अगस्त से आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन के दौरान शिक्षकों ने कार्य बहिष्कार किया।
सीधी भर्ती प्रक्रिया का सरयू तट पर तर्पण भी किया गया। बाद में शिक्षकों ने शिक्षण के अलावा बाकी गतिविधियां नहीं कराने का भी निर्णय लिया था। हालांकि सकारात्मक आश्वासन के बाद शिक्षकों ने शिक्षण कार्य, खेलकूद और बाकी गतिविधियां शुरू करा दी थी। इसके बावजूद सरकार ने प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी।
राजकीय शिक्षक संघ के जिला मंत्री देवेंद्र सिंह मेहता ने बताया कि मांगों की अनदेखी से शिक्षकों में आक्रोश है। पहली नवंबर को शिक्षक देहरादून जाकर शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव करेंगे। उन्होंने बताया कि इस आंदोलन में शिक्षकों के परिवार के सदस्य भी शिरकत करेंगे। जिले से आंदोलन में जाने वाले शिक्षकों के नाम जल्द तय किए जाएंगे।