रानीखेत (अल्मोड़ा)। ताड़ीखेत ब्लॉक के तिपोला गांव में बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत की खुली बैठक में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते-देखते माहौल तनावपूर्ण और हिंसा में बदल गया।
हालात इतना बिगड़ गया कि ग्राम प्रधान के साथ हाथापाई तक हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर ग्राम प्रधान को सुरक्षित बाहर निकाला। इससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बृहस्पतिवार को पंचायत भवन में ग्राम प्रधान विक्रम मेहरा की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत की खुली बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में गांव की समस्याओं, विकास योजनाओं और विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की जा रही थी। तभी मनरेगा के जॉब कार्ड और वार्ड सदस्यों की अनुपस्थिति से जुड़ा मामला उठा।
इस दौरान वार्ड सदस्यों की अनुपस्थिति को लेकर कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। इससे विवाद बढ़ने लगा। इस पर एक व्यक्ति ने ग्राम प्रधान के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई कर दी। अचानक हुई इस घटना से बैठक में अफरातफरी मच गई्र।
बैठक में उपस्थित लोगों ने भी बीच-बचाव का प्रयास किया लेकिन स्थिति को संभालना मुश्किल हो गया। जैसे-तैसे हंगामा को रोका गया।
इधर, शुक्रवार को मामले को लेकर तहसीलदार दीपिका आर्या ने दोनों पक्षों को तहसील में बुलाया। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी रहा।
प्रशासन की ओर से पूरे मामले की गंभीरता से जांच किए जाने की बात कही जा रही है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश है।