अल्मोड़ा। जिले में 132 केवी की लाइन से जुड़े नगर सहित 14 ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ा। हालांकि की नगर की लाइन को भवाली 132 केवी लाइन से जोड़कर एक घंटे बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में नौ घंटे बिजली गुल रही। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र की 30 हजार से अधिक आबादी प्रभावित हुई। बिजली न होने से सरकारी और निजी संस्थानों में कामकाज पूरी तरह ठप रहे।
शुक्रवार को पिटकुल की ओर से पिथौरागढ- लोहाघाट 132 केवी बिजली लाइन बिछाने का कार्य किया गया। इसके चलते चंडाक- अल्मोड़ा 132 लाइन में जरूरी शटडाउन लिया गया। इसके चलते लमगड़ा, दन्या, जैंती, हवालबाग, कोसी, जागेश्वर, सोमेश्वर, ताकुला, कौसानी, धौलादेवी, भैसियाछाना, सेराघाट, बाड़ेछीना, धौलादेवी में बिजली आपूर्ति बाधित रही। लोग नौ घंटे तक बिजली आने का इंतजार करते रहे। ऐसे में लोगों के बिजली संचालित उपकरण शोपीस बने रहे। घंटों बिजली गुुल रहने से बिजली कारोबारियों को खासा नुकसान उठाना पड़ा।
सौर ऊर्जा से उत्पादित बिजली ने पहुंचाई राहत
- यूपीसीएल के मुताबिक नगर क्षेत्र में भवाली 132 केवी लाइन के साथ जोड़कर आपूर्ति बहाल की गई। बिजली लाइन पर अधिक भार न पड़े इसके लिए सौर ऊर्जा से उत्पादित बिजली से भी नगर में बिजली की कमी को पूरा किया गया।
होम स्टे और होटल में की आपूर्ति
- जिले में थर्टी फर्स्ट और नववर्ष को लेकर जिले में काफी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। इससे जिले में नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित होम स्टे और होटल में ठहरे पर्यटकों की अच्छी भीड़ जुटी हुई है। पर्यटन कारोबार को नुकसान न हो इसके लिए होम स्टे और होटल में बिजली आपूर्ति सुचारु की गई है।
-
29 और 30 को भी रहेगा बिजली संकट
- 132 केवी बिजली लाइन बिछाने का कार्य 28 और 30 दिसंबर को भी होगा। इससे नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में दो और दिन लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ सकता है।
कोट
- नगर में क्षेत्र की बिजली लाइन को भवाली 132 केवी लाइन से जोड़कर एक घंटे बाद बिजली आपूर्ति सुचारु हुई। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में शाम छह बजे बाद आपूर्ति बहाल की गई।
- कन्हैया जी मिश्रा, अधिशासी अभियंता, यूपीसीएल अल्मोड़ा