अल्मोड़ा। नगर से सटी ग्राम पंचायत खत्याड़ी स्थित विद्युत आवास कालोनी में गत रात्रि चोरों ने एक घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर घर में रखी नकदी और खाद्य सामग्री साफ कर ली। चोरी के वक्त घर में कोई नहीं था। गृह स्वामी अपने साले की शादी में बाहर गए हुए थे। पडोसियों के जागने पर चोर भाग निकले। एक माह पहले भी इसी कालोनी के एक घर में चोरी की वारदात हुई थी।
खत्याड़ी में पुलिस चौकी होने के बाद भी चोर बेखौफ होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। गत रात्रि चोरों नेे पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर खत्याड़ी स्थित विद्युत आवास कालोनी में विद्युत विभाग में सब स्टेशन आपरेटर बालम सिंह बिष्ट के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर घर के भीतर घुसे।
चोरों ने गोदरेज की अल्मारी को तोड़ डाला। अलमारी के भीतर रखे गुल्लक को तोड़कर उसमें रखे 1200 रुपए चुरा लिए। इसके अलावा अलमारी में ही अलग से रखे दो हजार रुपए की नकदी को भी चोर चुरा ले गए।
घटना रात्रि करीब एक बजे आसपास की बताई जा रही है।
रात के समय घर के भीतर से आवाज आने पर आसपास के लोग जग गए। पड़ोसियों के शोर मचाने पर चोर भाग निकले। चोरी के वक्त घर में कोई नहीं था। गृह स्वामी बालम सिंह बिष्ट परिवार समेत अपने साले की शादी में चनौदा (सोमेश्वर) गए हुए थे। एक माह पूर्व भी इसी कालोनी में हुकुम सिंह भैसोड़ा के घर में भी चोरी की वारदात हुई थी। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाने में दे दी है।