चमोली जिले के नीति घनसाली गांव की महिलाओं का 31 सदस्यीय दल ने सोमेश्वर शिव मंदिर में झोड़े की शानदार प्रस्तुति दी। महिलाओं ने भजन, कीर्तन भी गाए। चमोली की महिलाओं का यह दल विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधानशाला के प्रक्षेत्र हवालबाग में प्रशिक्षण लेने को जा रहा था।
इस दौरान गढ़वाल की महिलाओं ने सोमेश्वर स्थित शिव मंदिर में झोड़ा, भजन, कीर्तन की शानदार प्रस्तुति दी। पूर्व प्रधान धनेश्वरी पाल ने बताया कि पाश्चात्य संस्कृति के रंग में रंग चुके लोग अपनी पुरानी परंपराओं, संस्कृति को भूलते जा रहे हैं।
युवा पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वह इस तरह के कार्यक्रम समय-समय पर विभिन्न स्थानों पर करती रही हैं। इनमें राजेश्वरी, चंद्रमती डांगला, धर्मेंद्र पाल, भगत सिंह, रघुवीर सिंह आदि मौजूद थे।