नौकुचिया-रणथंमल सड़क किनारे खनन कर मिट्टी निकालते श्रमिक।
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में निर्माणाधीन नौकुचिया-रणथंमल मोटर मार्ग में घटिया निर्माण कार्य की शिकायत मिलने पर जेई ने मौके पर पहुंच कर निर्माण कार्य का जायजा लिया तो वहां सीमेेंट में रेत की जगह मिट्टी मिलाकर दीवार, कलवर्ट, सड़क किनारे नालियां और पैरापिट बनाने का मामला सामने आया। जेई ने कार्यदायी संस्था को फटकार लगाते हुए काम रुकवा दिया है। जेई ने कार्यदायी संस्था को मिट्टी की जगह रेत प्रयुक्त करने के निर्देश दिए।
सल्ट विकासखंड में 2013 से नौकुचिया-रणथंमल मोटर मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। प्रधान और अन्य ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता का सीमेंट आदि लगाने की शिकायत की थी। शिकायत मिलने पर जेई विजय सिंह रावत ने निर्माण कार्य का मौका मुआयना किया। जेई ने कार्यदायी संस्था द्वारा सीमेंट में रेत की जगह मिट्टी मिलाकर कार्य कराने का मामला पकड़ा। उन्होंने निर्माण कार्य को रुकवा दिया है। जेई ने कार्यदायी संस्था को फटकार लगाते हुए सीमेंट में मिट्टी की जगह रेत प्रयुक्त करने के निर्देश दिए। इधर ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था द्वारा खनन कर मिट्टी को सीमेंट में मिलाकर निर्माण कार्य किया जा रहा है।