फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धौलछीना में पानी का जबर्दस्त संकट 

Sat, 10 Jun 2017 10:28 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, धौलछीना (अल्मोड़ा)।
विज्ञापन
धौलछीना में खराब पड़ा हैंडपंप - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
नगर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी इन दिनों पानी का संकट गहराने लगा है। धौलछीना ब्लॉक मुख्यालय में पिछले कुछ दिनों से पानी की जबर्दस्त समस्या बनी हुई है। पेयजल किल्लत के कारण पर्यटन व्यवसाय पर भी बुरा असर पड़ रहा है। बाजार में लगे तीन हैंडपंपों में से एक हैंडपंप खराब पड़ा है, जबकि अन्य दो पंपों से दूषित पानी आ रहा है। व्यापार मंडल ने धौलछीना की पेयजल लाइन को शीघ्र दुरुस्त नहीं करने और पानी की वितरण व्यवस्था सही नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। 
विज्ञापन


पिछले एक पखवाड़े से पानी की किल्लत से जूझ रहे ब्लॉक मुख्यालय धौलछीना के लोग इन दिनों जल स्रोतों और नौलों से पानी जुटा रहें हैं। मालूम हो कि पर्यटन स्थल होने के साथ ही धौलछीना ब्लॉक मुख्यालय भी है। होटल ज्यादा होने के साथ ही यहां अधिकतर विभागों के अधिकारी और कर्मचारी निवास करते हैं, लेकिन पानी की कमी के कारण अधिकारियों, कर्मचारियों को भी विभागीय कार्य निपटाने के बाद जल स्रोतों की ओर जाना पड़ रहा है। यही नहीं पानी की किल्लत से होटल व्यवसाय पर भी काफी बुरा असर पड़ रहा है। 

धौलछीना बाजार के लिए बिनसर-कांचुला पेयजल लाइन से ही पानी की सप्लाई होती है। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने और पेयजल स्रोतों का संरक्षण नहीं होने के कारण यह योजना भी लोगों की प्यास बुझाने में नाकाम साबित हो रही है। व्यापार मंडल अध्यक्ष दरबान सिंह रावत ने बताया कि धौलछीना बाजार में विभाग ने तीन हैंडपंप लगाए हैं, जिसमें से एक हैंडपंप लंबे समय से खराब है और दो अन्य हैंडपंपों से दूषित पानी आ रहा है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि यदि धौलछीना क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में पानी की सप्लाई नहीं की गई तो स्थानीय लोगों के साथ व्यापार मंडल उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा। पूववर्ती सरकार ने धौलछीना के लिए बिनसर धौलछीना योजना स्वीकृत की थी, जो कि आज तक सिर्फ कागजों में ही सीमित है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पेयजल के संबंध में विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान से भी वार्ता की गई थी। आज तक पेयजल लाइन की कोई सुनवाई नहीं हुई। इधर कुछ इलाकों में टैंकर से पानी वितरित किया गया।

पानी के अवैध कनेक्शन लेने का आरोप 
 स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पेयजल स्रोतों में पर्याप्त रूप में पानी है, लेकिन कई लोगों ने विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर मुख्य लाइन से अवैध रूप से कनेक्शन लिए हैं। इससे धौलछीना बाजार में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। पूर्व ग्राम प्रधान लाल सिंह मेहरा ने आरोप लगाया कि विभागीय मिलीभगत के कारण रिजॉर्टों में पर्याप्त रूप से पानी सप्लाई किया जा रहा है। धौलछीना बाजार में बमुश्किल आधा घंटा ही पानी आता है। उन्होंने अवैध कनेक्शन लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।  
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें