रायजादा हंसराज इंडोर स्टेडियम जालंधर में बीते दिनों आयोजित जूनियर ओपन प्राइज मनी प्रतियोगिता में अल्मोड़ा के शटलरों ने छह स्वर्ण पदक और एक रजत पदक जीत कर प्रदेश का नाम रोशन किया। उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के सदस्य गोकुल सिंह मेहता ने बताया कि 4-15 आयु एकल वर्ग के सेमीफाइनल में प्रणव शर्मा ने महेश गोस्वामी (जम्मू कश्मीर) को 21-11, 21-11 से और फाइनल में अल्मोड़ा के शिवम मेहता को 21-17, 17-21, 21-08 से पराजित कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
अंडर-15 डबल्स के सेमीफाइनल में प्रणव शर्मा तथा शिवम मेहता ने राजीवर, वीरेंद्र (लुधियाना) की जोड़ी को 21-13, 21-18 से तथा फाइनल में समर्थ सिंह, गौरवप्रीत (अमृतसर) की जोड़ी को 21-17 व 21-15 से पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। 4-15 के एकल में शिवम मेहता को फाइनल में अपने जोड़ीदार प्रणव शर्मा से पराजित होकर रजत पदक पर संतोष करना पड़ा। 4-17 के फाइनल में प्रणव शर्मा ने गौरव चावला (अमृतसर) को 21-15, 21-16 से पराजित कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
4-15 सिंगल्स, डबल्स, 4-17 सिंगल्स में एश्वर्या मेहता ने स्वर्ण पदक प्राप्त किए। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी, कोच डीके सेन, राम अवतार, प्रशांत जोशी, राकेश जायसवाल, गोकुल मेहता, मुख्य कोषाधिकारी विक्रम जंतवाल, जगमोहन फर्त्याल, सुरेश कर्नाटक, नंदन रावत, अमरनाथ रजवार, कमल गुप्ता, विजय प्रताप सिंह, एमसी जोशी, डॉ. संतोष बिष्ट, सभासद हेम तिवारी ने खुशी जताई है। इधर, शारदा पब्लिक स्कूल के छात्र शिवम मेहता के प्रतियोगिता में स्वर्ण तथा रजत पदक जीतने पर प्रधानाचार्या विनीता शेखर, प्रबंधक शेखर लखचौरा ने हर्ष जताया है।