एकीकृत नाशी जीव प्रबंधन (इंट्रीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट) के तहत हवालबाग ब्लाक के ग्राम पंचायत महतगांव में काश्तकारों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य कृषि अधिकारी प्रियंका सिंह ने काश्तकारों से धान की फसल को कीट से बचाने की जानकारी दी।उन्होंने काश्तकारों को शत्रु और मित्र कीटों की पहचान करनी बताई।
उन्होंने कृषि पारिस्थितिकीय तंत्र के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि काश्तकार फसल में रसायनों का प्रयोग कम से कम करें।
कृषि प्रभारी हवालबाग नारायण सिंह मेहरा ने यांत्रिक विधियों का प्रयोग कर धान की फसल में लगने वाले विभिन्न कीटों और रोगों को नियंत्रित करने के बारे में प्रशिक्षण दिया।
इस दौरान काश्तकारों ने आईपीएम किट जाली से महतगांव में धान के खेत में कीटों को पकड़ने का प्रशिक्षण भी लिया। इस अवसर पर गांव की प्रधान हेमा मेहता, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी रानीखेत धीरज सिंह, अपर सहायक अभियंता रमेश चंद्र जोशी, राजेंद्र सिंह मेहता आदि मौजूद थे।