बागेश्वर। पौराणिक बागनाथ मंदिर परिसर में आयोजित शिव पुराण कथा के दौरान सोमवार को भी भक्ति की बयार बही। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। पूरा मंदिर परिसर शिव के जयकारों से गुंजायमान रहा।
सोमवार को व्यासपीठ से कथा के मुख्य वाचक गणेशदत्त जोशी ने शिव पुराण के विभिन्न प्रसंगों का सजीव वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव कल्याणकारी हैं। उनकी भक्ति से मनुष्य को मानसिक शांति के साथ-साथ मोक्ष की प्राप्ति होती है। कथा के दौरान उन्होंने शिव-पार्वती विवाह और शिव की महिमा के रहस्यों को उजागर करते हुए भक्तों को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
भाष्कर जोशी और टीम के मधुर भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। जूना अखाड़ा के आयोजकों ने बताया कि सोमवार को कथा का विशेष सत्र संपन्न हुआ। मंगलवार को मंदिर परिसर में पूर्णहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। महंत शंकर गिरी और पुष्कर गिरी ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने और पुण्य का भागी बनने की अपील की है।