चौखुटिया (अल्मोड़ा)। मानसून से पहले हुई तेज बारिश ने उपजिला चिकित्सालय के आवासीय परिसर की सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश के दौरान उपजिला चिकित्सालय के निकट बने आवासीय परिसर की सुरक्षा दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दीवार गिरने से आवासीय भवनों के समीप खतरा बढ़ गया है। परिसर में रहने वाले स्वास्थ्य कर्मियों और उनके परिवारों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा दीवार लंबे समय से जर्जर हालत में थी, लेकिन समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। लगातार बारिश के चलते दीवार कमजोर होकर ढह गई। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द सुरक्षा दीवार को ठीक नहीं किया गया तो आगामी मानसून में भवनों को नुकसान पहुंचने के साथ जान-माल की हानि भी हो सकती है। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने विभागीय अधिकारियों से क्षतिग्रस्त दीवार का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने तथा भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।