फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: कैंची का जाम लगा रहा कारोबार पर विराम

Tue, 10 Jun 2025 11:22 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा
विज्ञापन
अल्मोड़ा नगर में लगा जाम। संवाद
विज्ञापन
अल्मोड़ा/बागेश्वर/गरुड़। नैनीताल जिले के कैंची धाम में इन दिनों आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। हर रोज बड़ी तादाद में लोग बाबा नीब करोरी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इससे कैंची में जाम लग रहा है। ऐसे में हल्द्वानी से अल्मोड़ा और बागेश्वर को आने वाले वाहन पहले कैंची, उसके बाद क्वारब में जाम में फंस रहे हैं। जाम खुलने के बाद सैकड़ों गाड़ियां एक साथ अल्मोड़ा पहुंच रही हैं। इस कारण भी नगर का यातायात प्रभावित हो रहा है। जाम के कारण स्थानीय कारोबार तो प्रभावित हो रहा है। सब्जी के वाहन देर से पहुंचने केे कारण इनके खराब होने की आशंका बढ़ रही है। अल्मोड़ा और बागेश्वर के व्यापारी नेताओं की मानें तो व्यापार में 30 फीसदी तक की गिरावट आई है।
विज्ञापन


पार्किंग का अभाव पड़ रहा भारी
सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में 3500 से अधिक दुकानें हैं। इन दुकानों से करीब 15 हजार लोगों का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार जुड़ा है। पार्किंग की सुविधा नहीं होने से पर्यटकों को वाहन पार्क करने के लिए जगह नहीं मिल रही है और वह खरीदारी नहीं कर पा रहे हैं। गाड़ी खड़ी करने की जगह नहीं होने से रेस्टोरेंट में भी उम्मीद के अनुरूप ग्राहक नहीं दिख रहे हैं। ऐसे में यहां तैयार की गईं चीजें शाम तक खराब हो रही हैं। होटल कारोबार पर 10 प्रतिशत प्रतिकूल असर पड़ा है।

समय पर नहीं पहुंच रहा सामान
जाम के कारण नगर में हल्द्वानी और अन्य शहरों से आने वाले बड़े वाहन समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे सब्जी, परचून, हार्डवेयर, मोबाइल, कपड़ा आदि व्यापारियों पर सीधा असर पड़ रहा है। जाम के कारण सामान उतारने में भी परेशानी हो रही है।
विज्ञापन


अस्पताल पहुंचने में भी हो रही है दिक्कत
ग्रामीण क्षेत्रों से उपचार कराने के लिए जिला अस्पताल आने वाले रोगियों और तीमारदारों को भी जाम से दो-चार होना पड़ रहा है। अल्मोड़ा जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों से बीमार होने पर पहले रोगी तीन घंटे में अस्पताल पहुंच जाता था। अब उन्हें काफी समय लग रहा है।

बागेश्वर में कई बुकिंग हुईं रद्द
कैंची के जाम से पर्यटन कारोबार सबसे अधिक प्रभावित है। सीजन में 30 प्रतिशत ही काम हो रहा है। कुछ पर्यटक रात को 12 से एक बजे तक पहुंच रहे हैं। कई लोग बुकिंग कैंसिल कराकर वापस लौट रहे हैं। होटल, रेस्टारेंट और होम स्टे संचालकों को कर्मचारियों का वेतन और बैंक लोन की किश्त देनी भारी पड़ रही है। जाम के कारण सब्जी, राशन और अन्य सप्लाई पर भी असर पड़ा है। - बबलू नेगी, जिलाध्यक्ष व्यापार मंडल बागेश्वर

बोले व्यापारी-
पर्यटन सीजन में व्यापार में उछाल आने की उम्मीद थी, लेकिन जाम के कारण व्यापार पर 30 फीसदी असर पड़ा है। ऐसा ही रहा तो व्यापार में और गिरावट आने की आशंका है।- सागर रावत, व्यापारी - अल्मोड़ा
जाम की समस्या सभी को पता है। इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों से भी कम ही ग्राहक आ रहे हैं। पुलिस प्रशासन को यातायात व्यवस्था में सुधार करने की आवश्यकता है। ऐसा ही रहा तो आर्थिक संकट गहराएगा। - आशीफ खान, व्यापारी- अल्मोड़ा
कैंची में जाम के कारण राशन के वाहन देरी से पहुंच रहे हैं। दूसरे मार्ग से फेरा लगाकर आने वाले वाहनों को भाड़ा भी अधिक देना पड़ रहा है। हालांकि राशन की सप्लाई बाधित या प्रभावित नहीं हुई है। - सूरज जोशी, किराना व्यापारी, बागेश्वर

सब्जी के सप्लाई वाहन कुछ देरी से पहुंच रहे हैं। भारवाहक वाहन रात को कैंची वाले क्षेत्र को पार कर लेते हैं, जिसके कारण सब्जी की किल्लत नहीं है। सामान्य दिनों की अपेक्षा तीन से चार घंटे बाद सब्जी पहुंच रही है। - हरीश कोरंगा, सब्जी कारोबारी, बागेश्वर
बोले पर्यटक-
परिवार संग जागेश्वर धाम में दर्शन के लिए वाहनों को बहुत दूर पार्क कर पैदल जाना पड़ रहा है। अल्मोड़ा नगर घूमने का मन था, लेकिन पार्किंग की सुविधा न होने से दिक्कत हो रही है। - मधुकर चक्रवर्ती, पर्यटक पश्चिम बंगाल।

अल्मोड़ा में काफी जाम है। मल्ला महल को देखने का काफी मन था लेकिन वाहन पार्क करने के लिए कोई जगह नहीं मिल पा रही है। अब अगली बार ही मल्ला महल सहित नगर की अन्य धरोहरों के दर्शन करेंगे। । - अजय शुक्ला, पर्यटक लखनऊ।

कौसानी और बैजनाथ का प्राकृतिक सौंदर्य अद्भुत है। कैंची में लगने वाला जाम और कुछ स्थानों पर खराब सड़क से परेशानी होती है। हालांकि यहां आने के बाद काफी सुकून मिल रहा है। - नमन कुमार, पर्यटक, दिल्ली

वाहन चालक बोले
जाम में पांच-छह घंटे इंतजार करना पड़ रहा है, जिसका सीधा असर महीने में लगने वाले फेरों पर पड़ गया है। पांच से छह चक्कर की कटौती से नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रतिस्पर्धा के कारण भाड़ा बढ़ाना भी मुमकिन नहीं है। - लक्ष्मण सिंह मेहरा, ट्रक चालक



अल्मोड़ा के लोगों के सुझाव

- सुबह और शाम के वक्त नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जाए

- दुकानों के बाहर अतिक्रमण कर सामान फैलाने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई की जाए

- माल रोड, जाखनदेवी, लक्ष्मेश्वर में आड़े तिरछे खड़े वाहनों को हटाया जाए

- सड़क किनारे निर्माण सामग्री डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए

- नगर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नए पार्किंग स्थल विकसित किए जाएं

- आधी सड़क तक वाहनों को ठीक करने का कार्य करने वाले मैकेनिकों पर कार्रवाई की जाए

बोले जिम्मेदार
नगर में यातायात व्यवस्था को ठीक करने के लिए फोर्स को बढ़ाया गया है। लोगों को दिक्कत न हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। आड़े- तिरछे वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जागेश्वर में पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। चितई मंदिर दर्शन को आने वाले लोगों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही लगवाया जा रहा है। - देवेंद्र पींचा, एसएसपी अल्मोड़ा
-

चौघानपाटा और भैरव मंदिर के पास पार्किंग को जल्द शुरू किया जाएगा। सड़क किनारे खड़े आड़े- तिरछे खड़े वाहनों को हटाने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर अभियान चलाया जाएगा। आर्मी गेट से आगे मुरली मनोहर मंदिर के पास गेट का निर्माण किया जाएगा। जिससे वाहन बाजार में प्रवेश न कर सकें। लोगों को कोई दिक्कत न हो इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।- अजय वर्मा, मेयर अल्मोड़ा नगर निगम।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें