संवाद न्यूज एजेंसी कपकोट (बागेश्वर)। तहसील क्षेत्र में रात को हुई बारिश का असर सड़कों पर देखने को मिला। वाछम मोटर मार्ग पर बोल्डर गिरने से तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। रिखाड़ी-सूपी-तरसाल सड़क पर काॅजवे और सुरक्षा दीवार के क्षतिग्रस्त होने से वाहनों की आवाजाही में परेशानी हो रही है।
वाछम मोटर मार्ग पर रंजिया गंधेरे के समीप बोल्डर गिरने से सड़क बंद हो गई। पूर्व क्षेपं सदस्य कमला देवी ने बताया कि सड़क बंद होने के कारण वाहन फंस गए और पैदल चलने वालों को भी परेशानी उठानी पड़ी। सूपी-तरसाल सड़क में कॉजवे और सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने के बाद क्षेत्र के लोगों ने काम की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीण किशन सिंह, महिपाल सिंह, सूरज जगरिया, दुर्गा सिंह दानू, देवेंद्र कुमार आदि ने बताया कि बारिश के बाद रिखाड़ी के समीप दीवार और कॉजवे टूटने के कारण वाहन चालकाें को परेशानी उठानी पड़ रही है।
पीएमजीएसवाई के ईई अंबरीश रावत ने बताया कि भारी बारिश के दौरान कुछ जगहों पर सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली थी। वर्तमान में सभी सड़कों पर यातायात सुचारू है।