अल्मोड़ा। डीएम सविन बंसल और पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने नगर के रानीधारा मार्ग का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने एडीबी के अधिशासी अभियंता को मार्ग में पड़े गड्ढों को पाटने, क्षतिग्रस्त दीवारों का निर्माण सप्ताह भर के भीतर करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सड़क के कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। सड़क में जहां पर अनियंत्रित ढंग से सामग्री डाली गई है अथवा वाहन खड़े हैं, उनको व्यवस्थित करने की कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को आने जाने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
रानीधारा नौले के पास जहां पर रोड क्षतिग्रस्त हुई है, उसमें दीवार का प्राथमिकता से निर्माण किया जाए। धन की कमी होने पर आगणन बनाकर प्रस्तुत करें, ताकि धन की व्यवस्था की जा सके। डीएम ने धंस रही सड़क को देखा और बचाव के कार्य करने के निर्देश दिए।
डीएम ने रानीधारा नौले का भी निरीक्षण किया। सभासद से कहा कि आम सहमति से बह रहे पानी के स्टोरेज के लिए टैंक बनाया जा सकता है। उन्होंने सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। पालिका के अधिशासी अधिकारी को नालों की सफाई के साथ ही जहां जमा कूड़े के सफाई के निर्देश दिए। निरीक्षण में एडीबी के ईई एएस बिष्ट, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी आदि भी थे।