अल्मोड़ा। बारिश से मंगलवार रात्रि में कई स्थानों पर बिजली लाइनों में पेड़ गिर गए। जिससे बिजली लाइन और पोल क्षतिग्रस्त हो गए। नगर के बड़े इलाके के अलावा विकासखंड हवलाबाग, भैंसियाछाना और धौलादेवी विकासखंड के ढाई सौ से अधिक गांवों में करीब बारह घंटे बिजली गुल रही। बारिश थमने के बाद दिनभर विद्युत कर्मी लाइनों को दुरुस्त करने में लगे रहे। शाम तक विभाग इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर पाया।
मंगलवार से ही क्षेत्र में बारिश हो रही थी। अल्मोड़ा मालरोड में जीबी पंत पार्क में स्थित देवदार का पेड़ सुबह धराशायी हो गया। इससे बिजली लाइन के तार टूट गए। इस कारण नगर के जोशीखोला, चौघानपाटा, मालरोड समेत कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। वहां कैंट फीडर में भी फाल्ट आने से उससे जुड़े क्षेत्रों में दिनभर लाइट नहीं रही।
बारिश के दौरान रात्रि करीब तीन बजे भैंसियाछाना विकासखंड को आपूर्ति करने वाली 11 केवी की लाइन में बाड़ेछीना के पास विशाल पेड़ गिर गया। इससे लाइन क्षतिग्रस्त होने के साथ ही पोल टेढ़े हो गए। वहीं सेराघाट में भी बिजली लाइन में पेड़ गिर गया। इससे विकासखंड के करीब सौ से अधिक गांवों में बिजली गुल हो गई। धौलादेवी विकासखंड में भनोली क्षेत्र में भी लाइन में पेड़ गिर गए। इससे भनोली और आसपास के गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
हवालबाग विकासखंड के अंतर्गत मनान, दौलाघट, कोसी आदि क्षेत्रों को आपूर्ति करने वाले फीडरों में भी खराबी आ गई। इससे हवालबाग विकासखंड के दर्जनों गांवों की लाइट नहीं थी। । बारिश थमने के बाद बिजली कर्मी दिनभर लाइनों के सुधारीकरण में लगे रहे। भैंसियाछाना विकासखंड में विभाग ने अपराह्न ढाई बजे आपूर्ति सुचारू कर दी थी। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता दीन दयाल सिंह पांगती ने कि शाम तक सभी स्थानों पर आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।