सांसद अजय टम्टा ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार प्रदेश में रेल लाइनों को लेकर काफी गंभीर है। रामनगर-चौखुटिया रेल लाइन का प्रस्ताव रामनगर से गैरसैंण तक बढ़ा दिया गया है। इसके सर्वे के लिए 36 करोड़ की धनराशि स्वीकृति भी कर दी गई है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री टम्टा ने कहा लोगों को यह महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी वह चौखुटिया पहुंचकर ही देना चाहते थे। उन्होंने कहा रेल लाइन के सर्वेक्षण के बाद डीपीआर आदि कार्य भी युद्ध स्तर पर किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा केंद्र सरकार पर लगाए गए बजट में कटौती करने के आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि पिछले 67 साल तक राज्य सरकारों को केंद्र से कुल बजट की 32 प्रतिशत राशि मिलती रही है, जिसे भाजपा सरकार ने नीति आयोग बनाकर 42 प्रतिशत कर दिया है।
इसी तरह प्रदेश को रेल बजट में 2008 से पिछली सरकार के कार्यकाल तक अधिकतम 250 करोड़ रुपए की राशि मिली थी जबकि भाजपा के कार्यकाल में यह राशि दोगुनी कर 450 करोड़ कर दी गई है। सांसद टम्टा ने प्रदेश सरकार पर राज्य की स्थाई राजधानी के मामले में जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जन भावनाओं से जुडे़ इस मुद्दे पर सरकार को जल्द निर्णय लेना चाहिए। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला संपर्क प्रमुख गणेश कांडपाल, मंडल अध्यक्ष पूरन संगेला व सुरेंद्र मनराल आदि मौजूद थे।
माफिया चला रहे हैं प्रदेश की सरकार
सांसद अजय टम्टा ने क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर लगाम लगाने की मांग करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के संरक्षण में खनन, शराब और भू माफियाओं की चांदी हो रही है। यदि प्रदेश की नदियों का यूं ही दोहन होता रहा तो फिर जल, जंगल और जमीन के लिए भारी संकट पैदा हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार को माफिया चला रहे हैं।