चिलियानौला में इस तरह से अव्यवस्थित पड़ी हैं पानी की लाइनें। अमर उजाला
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। चिलियानौला नगर पालिका परिषद के गठन को एक साल का समय होने को है, लेकिन यह पालिका अभी भी विकास की बाट जोह रही है। विकास के नाम पर सिर्फ अभी तक सफाई व्यवस्था शुरू की गई है, इसके अलावा कुछ इलाकों में स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। दूसरी तरफ हर वार्ड में बेतरतीब ढंग से बिछाई गई पाइप लाइनों को आज तक ठीक नहीं किया गया है। रास्ते, गलियों में इन पाइप लाइनों में उलझकर कई लोग घायल हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने इन्हें व्यवस्थित करने की मांग की है।
चिलियानौला नगर पालिका में अभी विकास कार्य शुरू नहीं हुए हैं, सार्वजनिक शौचालय से अभी भी पालिका वंचित हैं। यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से भी बेहद अहम है, यहां विश्व विख्यात हैड़ाखान मंदिर है, जहां साल भर बाबा के देसी-विदेशी भक्तजन पहुंचते हैं।
सार्वजनिक शौचालय नहीं होने के कारण आम नागरिकों के अलावा यात्रियों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। हालांकि एक माह पूर्व संयुक्त मजिस्ट्रेट ने शौचालय के लिए जगह की तलाश तो की, लेकिन अभी तक शौचालय बनाने की सार्थक पहल नहीं हो पाई है। सार्वजनिक रास्तों की हालत भी बेहद दयनीय बनी हुई है। आम रास्तों में जल संस्थान द्वारा बिछाई गई पाइप लाइनों को अभी तक व्यवस्थित नहीं किया गया है। वार्ड नंबर छह के सभासद अरुण रावत ने बताया कि पालिका की बैठक में पाइप लाइनों को व्यवस्थित करने का मुद्दा उठाएंगे।