प्रदेश के निकायों में ठेका प्रथा समाप्त करने समेत विभिन्न लंबित मांगों को लेकर उत्तराखंड देवभूमि सफाई कर्मचारी महासंघ और निकाय कर्मचारी महासंघ के बैनर तले पालिका कर्मचारियों ने पालिका प्रांगण में धरना देकर नारेबाजी की। उन्होंने ने 22 जून को शहर में जुलूस निकालने का ऐलान किया है।
धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि नवसृजित वार्डों रैपालाली और दुगालखोला में सफाई कार्य के लिए अलग से संविदा और दैनिक वेतन कार्मिकों की नियुक्त की जाए। कर्मचारियों की पालिका सीमा से बाहर ड्यूटी लगाने का विरोध किया गया। उन्होंने कार्मिकों को भविष्य निधि ब्याज का लाभ देने, गंभीर रूप से बीमार कार्मिकों को उपचार के लिए पैसा देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि बारह कर्मचारी सातवें वेतनमान के एरियर के वंचित हैं। अतिवृष्टि प्रभावित गणेशीगैर में आवासों का पुनर्निर्माण करने की भी मांग की।
इस मौके पर कर्मचारियों का सामूहिक बीमा कराने, तीन फीसदी एरियर का जल्द भुगतान करने, सफाई कर्मियों की बस्ती में पानी के स्टैंड पोस्ट लगाने आदि मांगों के समाधान की मांग उठाई। धरना देने वालों निकाय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष भूपेश जोशी, सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल पवार, जिलाध्यक्ष अध्यक्ष सुरेश केशरी, राजेश टांक, दीपक चंदेल, राजेश खनी, किशन सिंह बिष्ट, मुकेश भंडारी, मुकेश पवार, दिनेश चुनियाल, नरेश, रवि, कमल कुमार पाठक, देवेंद्र, हरीश आर्य, रूप सिंह, मतेश कुमार, गणेश बिष्ट, पुष्कर सिंह, गिरीश चंद्र बरनौला, कपिल चंद्र आदि शामिल थे।