रानीखेत (अल्मोड़ा)। मिलनसार सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति टूनाकोट की ओर से आयोजित होने वाले मिलनसार महोत्सव की तैयारियों को लेकर श्री गोलज्यू महाराज मंदिर परिसर के सभागार में बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि महोत्सव 25 अक्टूबर को श्रद्धानंद स्टेडियम ताड़ीखेत में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में स्थानीय विद्यालयों के बच्चों के साथ संस्कार टीम अल्मोड़ा, छोलिया दल, लोकगायक प्रकाश मिलनसार और कुमाऊं के प्रसिद्ध लोकगायक इंद्र आर्या सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की। समाजसेवी रामसिंह कार्की के संयोजन में महोत्सव की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, समिति अध्यक्ष उर्मिला मेहरा, सचिव महेन्द्र सिंह मेहरा, पनीराम, राजेन्द्र सिंह नेगी, रमेश खनायत, मंजीत भगत आदि मौजूद थे।