अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस पर छात्र-छात्राओं ने रैली निकाल कर लोगों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक किया। नंदादेवी से निकली रैली विभिन्न स्थानों से होते हुए राजकीय इंटर कॉलेज तक गई। राजकीय इंटर कॉलेज में हुए कार्यक्रम में एडीएम इला गिरी ने वैकल्पिक ऊर्जा संयंत्रों का अधिकाधिक प्रयोग करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि गैर जरूरी खपत को रोककर, वर्तमान स्रोतों का अनुकूल इस्तेमाल करके ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने सोलर वाटर हिटर संयंत्रों का प्रयोग करते हुए प्री हीटेड वाटर का प्रयोग ब्वॉयलर में करने की बात कही।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा उन्नत चूल्हा परियोजना के अंतर्गत घरेलू और व्यावसायिक प्रयोग के लिए बायोमास आधारित वुड स्टोव को बढ़ावा दिया जा रहा है। उरेडा के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी आरसी पांडे ने विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
इससे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती मेहरा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। संचालन मदन सिंह भंडारी ने किया। रैली में जीआईसी, प्रधानाचार्य पूरन जोशी, जगदीश चंद्र पांडे आदि मौजूद थे।
उधर जीआईसी अल्मोड़ा में हुई चित्रकला प्रतियोगिता में करन मर्तोलिया, रूपा आर्या, निवेदिता टम्टा जीते। एडीएम इला गिरी ने प्रतियोगिता में अव्वल रहे प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।