फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घर पर सो रहे व्यक्ति को उठा ले गया तेंदुआ

Tue, 31 Oct 2017 12:56 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, अल्मोड़ा
विज्ञापन
तेंदुआ
विज्ञापन
भैंसियाछाना ब्लॉक के बाड़ेछीना कस्बे के समीप रविवार रात शील गांव में घर पर सो रहे 54 वर्षीय व्यक्ति को तेंदुआ उठा ले गया। सुबह घर से करीब तीन सौ मीटर दूर गदेरे के समीप झाड़ियों में मृतक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना से क्षेत्रों में लोगों में दहशत व्याप्त है। सूचना पर पहुंचे वन विभाग के कर्मियों ने गांव में लगाया पिंजरा लगाने के साथ वहां कर्मी तैनात कर दिए हैं। 
विज्ञापन


शील गांव निवासी नारायण राम पुत्र जोगा राम घर पर अकेले ही रहते थे। पड़ोस में रहने वाले उनके भाई दुर्गा प्रसाद ने रात को नारायण राम को खाना दिया। इसके बाद नारायण राम अपने घर पर सो गए। भाई दुर्गा प्रसाद के परिजन रात्रि में बाड़ेछीना रामलीला देखने चले गए।  रात को किसी समय तेंदुआ घर पर सो रहे नारायण राम को उठा ले गया। बताया जा रहा है कि नारायण राम ने दरवाजे में कुंडी नहीं लगाई थी। पास ही बाड़ेछीना कस्बे में चल रही रामलीला के शोर के चलते रात्रि में किसी को भी घटना की भनक नहीं लग सकी। सुबह जब दुर्गा प्रसाद के परिजन उठे तो नारायण राम के घर की देहरी और आंगन में उन्हें खून के धब्बे दिखे।

नारायण राम घर पर नहीं मिले तो ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। करीब तीन सौ मीटर दूर गदेरे के पास झाड़ियों में नारायण राम का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। उनके सिर और गर्दन पर गहरे घाव और एक कान खाया हुआ मिला। मृतक की पत्नी की पूर्व में ही मृत्यु हो चुकी है। दो पुत्रियों का विवाह हो चुका है, जबकि पुत्र दिनेश राम नैनीताल में प्राइवेट नौकरी करता है। उसकी नवंबर में शादी भी तय थी। मृतक मजदूरी कर गुजर बसर करता था।      
विज्ञापन

सूचना पर पांडेतोली के राजस्व उपनिरीक्षक गणेश सिंह अधिकारी और एमसी तिवारी मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेजा गया है। जानकारी मिलने पर विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, क्षेत्र प्रमुख हरीश बनौला आदि भी शील गांव पहुंचे। चौहान ने वन विभाग के अधिकारियों को गांव में पिंजरा लगाने और तेंदुए को आदमखोर घोषित करवाने के निर्देश दिए हैं। सूचना पर पहुंचे वन क्षेत्राधिकारी रचिता वर्मा के नेतृत्व में वन कर्मी भी मौके पर पहुंचे। वन क्षेत्राधिकारी ने मृतक के परिजनों को सहायता के रूप में 50 हजार रुपये दे दिए हैं। बताया कि 2.50 लाख की अतिरिक्त सहायता जल्द दी जाएगी। अल्मोड़ा वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी एसआर प्रजापति ने बताया कि गांव में पिंजरा लगा दिया है और वन कर्मियों की टीम तैनात कर दी गई है। तेंदुए को आदमखोर घोषित करने के लिए वन्य जीप प्रतिपालक को पत्र भेजा जा रहा है।        
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें