द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। पांच दिनी द्वाराहाट महोत्सव का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलता है। संस्कृति की रक्षा के लिए उन्होंने सभी से एकजुट होने का आह्वान किया। समापन समारोह का मुख्य आकर्षण जहां बुगी-बुगी डांस का फाइनल राउंड रहा।
गायक पवनदीप राजन, ज्योति दीप राजन और गुंजन तिवारी की स्टार नाइट ने देर रात तक दर्शकों का मनोरंजन किया। पवन दीप राजन ने चन्ना मेरे आ जाना गीत से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। गायकों ने पंजाबी गीतों के माध्यम से दर्शकों को देर रात तक झुमाया। रूपकुंड लोक कला मंच देवाल चमोली के कलाकारों ने किशन दानू के नेतृत्व में चल बेजंती घुमीं ऊंला हिमालय का डांडा लोकगीत प्रस्तुत किया।
उन्होंने छपेली, नंदा राजजात यात्रा आदि की शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। स्टार नाइट का आयोजन बजरंग परिवार हल्द्वानी की ओर से अपने भाई स्व. राकेश अग्रवाल की स्मृति में कराया गया था। महोत्सव समिति के संरक्षक विधायक महेश नेगी ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया। इस मौके पर समिति अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, आशीष वर्मा, मुकुल शाह, अनिल चौधरी, शैलू शाह, सुधीर मठपाल, हेमंत शाह, भूपेंद्र कांडपाल, पवनशाह, निखिल उपाध्याय, गगनदीप, संजू मठपाल आदि मौजूद थे। संचालन धीरेंद्र मठपाल, आशीष वर्मा और हेमंत शाह ने किया।
वाइस ऑफ द्वाराहाट में हार्दिक और शैलजा मे मारी बाजी
द्वाराहाट। बुगी-बुगी डांस सब जूनियर में रुचिका नेगी, कनिष्का, तनुजा किरौला, जूनियर वर्ग में मानवेंद्र रौतेला, जितेंद्र कुमार और नीलम सती और पद्मजा क्रमश: पहले, दूसरे, तीसरे स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में बॉबी प्रथम, स्नेहा शाह द्वितीय, गौरव कुमार तीसरे स्थान पर रहे। वाइस ऑफ द्वाराहाट के जूनियर वर्ग में हार्दिक चौधरी और सीनियर वर्ग में शैलजा मसीह ने बाजी मारी।