यूकेडी के कुंदन सिंह नामांकन कराते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
तीन विधानसभा क्षेत्र अल्मोड़ा, जागेश्वर, सोमेश्वर के लिए नामांकन के अंतिम दिन शुक्रवार को दस प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया, जिसमें सोमेश्वर सीट के लिए तीन निर्दलीय, जागेश्वर सीट के लिए एक यूकेडी, अल्मोड़ा सीट के लिए कम्यूनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), यूकेडी, सपा के अलावा तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने दावेदारी ठोकी। उधर रानीखेत के अलावा द्वाराहाट और सल्ट विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों का भी नामांकन हुआ। तीनों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 29 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है।
अल्मोड़ा विधानसभा सीट के लिए कम्यूनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) से दिनेश पांडे, यूकेडी से कुंदन सिंह, सपा से जसवंत सिंह, निर्दलीय वीरेंद्र कुमार, मो. हबीब, भुवन चंद्र जोशी ने रिटर्निंग ऑफिसर विवेक राय के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल कराया। सोमेश्वर सीट के लिए पूरन सिंह, चंद्र प्रकाश आर्या, प्रदीप कुमार आर्या ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में रिटर्निंग ऑफिसर अवधेश सिंह के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल कराया, जबकि जागेश्वर विधानसभा सीट के लिए एक मात्र उम्मीदवार ने दावेदारी की। इस सीट के लिए यूकेडी के महेंद्र सिंह रावत ने रिटर्निंग ऑफिसर फींचाराम चौहान के समक्ष नामांकन दाखिल कराया। इससे पहले नामांकन से पूर्व सुबह कम्यूनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), यूकेडी, निर्दलीय प्रत्याशियों ने समर्थकों समेत नगर में जुलूस निकाला।