सल्ट विकासखंड के मानिला स्थित केनरा बैंक में स्टाफ की कमी बनी हुई है। जिससे लोगों के बैंक में नए खाते नहीं खुल पा रहे हैं, वहीं बैंक का एटीएम पिछले एक माह से खराब पड़ा है। इस कारण बैंक में आने वाले ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राहकों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर बैंक में तालाबंदी करने की चेतावनी दी है।
मानिला में एकमात्र केनरा बैंक की शाखा है। इस बैंक में क्षेत्र के सकणना, बेसरबगड़, टिटोली, सदरा, रतखाल, डोटियाल, सराईखेत, शिमलीबंगारी, कुलहील, चौना, गहना, डुंगरा, फल्यों, नैल, कनगली, ईराकोट, नैलवालपाली, सैणामानूर, दुबली पाटिल, मानिला समेत कई दूरस्थ गांवों से उपभोक्ता लेन-देेन को आते हैं।
बैंक में लंबे समय से क्लर्क का पद रिक्त पड़ा है। इस कारण ग्राहकों को बैंक में बचत खाता खोलने के लिए दो से तीन महीने का इंतजार करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को जरूरी होने पर बैंक खाता खोलने के लिए 40 किमी दूर मौलेखाल अथवा भिकियासैंण स्थित अन्य बैंकों में जाना पड़ रहा है। एक तरफ बैंक में स्टाफ की कमी है तो दूसरी तरफ पिछले एक माह से बैंक का एटीएम खराब पड़ा है। इस कारण ग्राहकों की परेशानी बढ़ गई है।
क्षेत्रीय लोग बैंक संबंधी कार्यों के लिए आए दिन बैंक का चक्कर काटते हैं, लेकिन इसके बाद भी उनका कार्य समय पर नहीं हो पाता है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष शिवेंद्र रावत, प्रधान महिपाल अस्वाल, दिनेश नैनवाल, मनमोहन बंगारी, विमला बंगारी, दिनेश नैलवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य गोपाल रावत, गणेश रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष सोनू तिवारी ने बैंकिंग संबंधी समस्याएं दूर करने की मांग की। ग्राहकों ने समस्याएं हल नहीं होने पर बैंक में तालाबंदी कर प्रदर्शन करने का एलान किया है।
बैंक में स्टाफ की कमी बनी है। एटीएम में बार-बार तकनीकी खराबी आ रही है। इस संबंध में बैंक के उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई है। शीघ्र समस्या का समाधान किया जाएगा।
प्रकाश चंद्र आर्या, प्रबंधक केनरा बैंक मानिला।