मुख्य शिक्षा अधिकारी वीएन सिंह ने भैंसियाछाना ब्लाक के स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में जीआईसी बाड़ेछीना में 60 और जीआईसी पेटशाल में 81 बच्चे अनुपस्थित मिले। सीईओ ने प्रधानाचार्यों को स्कूल में छात्रों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सीईओ ने जीआईसी बाड़ेछीना, जीआईसी पेटशाल, प्राथमिक स्कूल बाड़ेछीना, प्राथमिक स्कूल पेटशाल के अलावा राजकीय पालीटेक्निक बाड़ेछीना का निरीक्षण किया। जीआईसी बाड़ेछीना में पंजीकृत 334 छात्रों में से 274 उपस्थित और 60 अनुपस्थित रहे।
जीआईसी पेटशाल में पंजीकृत 262 में से 181 उपस्थित रहे। जबकि 81 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। उन्होंने प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि स्कूलों में बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थित सुनिश्चित करने के प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि जीआईसी पेटशाल में आठ गेस्ट शिक्षक प्रवक्ता के पद पर तैनात कर दिए गए हैं। उन्होंने शिक्षकों की बैठक ली। बैठक में गैस्ट शिक्षकों को निर्देशित किया कि पूर्ण मनोयोग से अध्यापन करें।
कार्य के मूल्यांकन के आधार पर ही अनुबंध का नवीनीकरण किया जाएगा। प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि गेस्ट टीचरों केे मूल्यांकन की आख्या नियमित रूप से खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से भेजें। निरीक्षण में सीईओ के साथ खंड शिक्षा अधिकारी भैंसियाछाना चंद्रशेखर बनकोटी भी थे।