अल्मोड़ा नगर में आधा दर्जन से अधिक स्थानों में मंगलवार से रामलीला शुरू हो जाएगी। सभी स्थानों पर रामलीला की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
सोमवार को अंतिम दिन तालीम में पात्रों ने कई दृश्यों की रिहर्सल की। नगर में कई स्थानों पर दुर्गा पूजन कार्यक्रमों की भी तैयारियां चल रही हैं।
अल्मोड़ा नगर में हुक्का क्लब, धारानौला, नंदादेवी, कर्नाटकखोला, राजपुरा, एनटीडी, सरकार की आली और खत्याड़ी आदि स्थानों पर रामलीला के मंच तैयार कर दिए गए हैं।
सभी स्थानों पर सोमवार को तालीम के आखिर दिन पात्रों ने कई दृश्यों का मंचन किया। साथ ही नगर में गंगोला मोहल्ला, लाला बाजार, राजपुरा, लक्ष्मेश्वर और खत्याड़ी आदि स्थानों पर दुर्गापूजन कार्यक्रमों की भी तैयारियां चल रही हैं। वहां मूर्तियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उधर सोमेश्वर में सोमनाथ महावीर रामलीला कमेटी की ओर से मंगलवार से रामलीला मैदान में रामलीला मंचन शुरू होगा। कमेटी के अध्यक्ष भूपाल सिंह बोरा ने बताया कि इस बार रामलीला में प्रोजेक्टर के माध्यम से रामलीला के प्रसंग दिखाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि रामलीला सायं 7.30 बजे से शुरू होगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्काउट-गाइडों, एनसीसी कैडेटों का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष रामलीला शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर गई है।