फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक्सपायरी दवाएं मिलने पर अस्पताल प्रशासन को लगाई फटकार

Thu, 01 Dec 2016 11:02 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो बागेश्वर
विज्ञापन
जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान भर्ती मरीजों से बातचीत करते आयुक्त।  - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन
कुमाऊं कमिश्नर डी सैंथिल पांडियन ने जिला चिकित्सालय बागेश्वर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दवा कक्ष में एक्सपायरी डेट की दवाएं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जिलाधिकारी को दवाओं की जांच के निर्देश दिए। दवा कक्ष में आयरन टैबलेट उपलब्ध नहीं होने पर आयुक्त ने चीफ फार्मेसिस्ट को कड़ी फटकार लगाई। सीएमओ से शीघ्र आयरन टैबलेट की व्यवस्था  करने को कहा। 


मंडलायुक्त पांडियन गुरुवार को जैसे ही निरीक्षण के लिए जिला अस्पताल पहुंचे वहां मौजूद  अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने अस्पताल के प्रत्येक विभाग का बारीकी से निरीक्षण किया।  चिकित्सकों व एएनएम से अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। आपात काल सेवा कक्ष के निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी में तैनात डॉक्टर से प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या के बारे में जानकारी ली। अस्पताल में पेट से संबंधित मरीजों की संख्या अधिक पाए जाने पर उन्होंने जिलाधिकारी को पानी की जांच के लिए जांच गठित कमेटी से कराने के निर्देश दिए। 
विज्ञापन



प्रसव कक्ष के निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिलाओं से प्रसव के बाद दी जाने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। सीएमओ को नियमित दवाईयों की आपूर्ति और प्रसव उपरांत महिला को दी जानी वाली सभी सुविधाएं नि:शुल्क और अनुमन्य धनराशि देने को कहा। उन्होंने ओपीडी वार्ड में भर्ती मरीजों का हालचाल भी जाना तथा चिकित्सालय से दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को मरीजों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना से लाभान्वित करने के लिए निर्देशित किया। 


आयुक्त ने अल्ट्रासाउंड कक्ष के निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर बताया गया कि प्रसव के दौरान खून की उपलब्धता बड़ी समस्या रहती है। आयुक्त ने जिलाधिकारी को ब्लड बैंक शीघ्र शुरू कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान डीएम मंगेश घिल्डियाल, सीडीओ एसएसएस पांगती, एडीएम एसएस जंगपांगी, सीएमओ संजय शाह, एसडीएम श्याम सिंह राणा आदि मौजूद थे।

जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान आयुक्त डी सैंथिल पांडियन ने क्वालिटी मैनेजमेंट कक्ष का निरीक्षण किया। पटल सहायक  द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में  संतोषजनक जबाव नहीं मिलने पर आयुक्त हैरान रह गए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य मिशन योजना के संबंध में सभी कर्मचारियों को  प्रशिक्षण देने के लिए एनआरएचएम के निदेशक को पत्र जारी करने के निर्देश दिए। 
विज्ञापन



मंडलायुक्त डी सैंथिल पांडियन ने जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान प्रसव के लिए आई महिलाओं का हाल भी जाना। उन्होंने जब चिकित्सा सुविधा के संबंध में पूछा तो एक महिला ने आयुक्त को बताया कि उनसे बाहर से दवाएं मंगवाई जा रही हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने सीएमओ को दवा पूरे पैसे संबंधित महिला को देने के निर्देश दिए। 

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें