बागेश्वर। जूना अखाड़ा से शुरू हुई पवित्र छड़ी यात्रा हरिद्वार से होकर वापस बागेश्वर पहुंची। साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। सरयू नदी में स्नान के बाद यात्रा आज रानीखेत को रवाना हो जाएगी। 27 अक्तूबर को हरिद्वार के मायादेवी मंदिर में यात्रा का समापन होगा।
पवित्र छड़ी यात्रा का शुभारंभ विगत 17 सितंबर को बागनाथ मंदिर के जूना अखाड़ा से हुआ था। यहां से यात्रा सीधे हरिद्वार रवाना हुई थी। हरिद्वार से ऋषिकेश, बड़कोट, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली होते हुए बुधवार को बैजनाथ धाम पहुंची। सायंकाल यात्रा बागेश्वर पहुंची। यहां विधायक सुरेश गढि़या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढि़या समेत तमाम श्रद्धालुओं ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। सरयू नदी के पावन जल से स्नान कर साधु-संंतों ने बागनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। सुबह मंदिर से यात्रा आगे को रवाना होगी। यात्रा में अध्यक्ष 1008 महाराज वीरेंद्रनंद, महामंडलेश्वर स्वामी मोहनानंद यति, महानंद हर गिरि महाराज, महंत राजेंद्र पुरी, महंत प्रेम गिरि महाराज, महंत शंकर गिरि महाराज, छड़ी मंहत आकाश गिरी महाराज, महंत पंकज गिरि, महंत पशुपति गिरि, महंत रतन गिरि, महंत सुनंदा सरस्वती आदि मौजूद रहे।