अल्मोड़ा। नगर के ऐतिहासिक और आस्था का केंद्र मां नंदा देवी मंदिर को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। मानसखंड मंदिर माला के तहत चार करोड़ रुपये से मंदिर में सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य के लिए अनुबंध प्रक्रिया पूरी कर ली है। ऐसे में अब जल्द मंदिर के नए स्वरूप में लौटेने की उम्मीद जगी है।
मानसखंड मंदिर माला के तहत उत्तराखंड के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध मंदिरों का सौंदर्यीकरण कार्य होना है। योजना के तहत जिले के प्रसिद्ध नंदादेवी मंदिर का 399.86 लाख रुपये से सुविधाओं का विस्तार होना है। मंदिर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं के लिए यहां बेंच, शौचालय, शुद्ध पेयजल, व्यू प्वाइंट, लाइंटिंग की व्यवस्था होगी। अनुबंध प्रक्रिया पूरी होने के बाद सौंदर्यीकरण कर मंदिर को नए स्वरूप में लाया जाएगा। इसके लिए कार्यदायी संस्था लोनिवि को एक करोड़ की पहली किस्त भी जारी हो चुकी हुई। वहीं विभाग ने अनुबंध प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। मंदिर के नए स्वरूप में लौटेने में जिले में पर्यटन कारोबार को नई गति मिलेगी।
मानसखंड मंदिर माला में शामिल मंदिर
अल्मोड़ा। मानसखंड मंदिर माला के तहत जिले के जागेश्वर धाम, कसारदेवी मंदिर, गोलू देवता मंदिर, कटारमल सूर्य मंदिर, झांकर सैम मंदिर, नैथना देवी, विंध्यवासिनी मंदिर, मल्लिका देवी और स्याही देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण कार्य होना है। पहले चरण में मां नंदा देवी मंदिर को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
कोट
- मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए अनुबंध प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शासन से निर्माण कार्य के लिए पहली किस्त जारी हो चुकी है। जल्द मंदिर नए स्वरूप में नजर आएगा। - हर्षित गुप्ता, अधिशासी अभियंता, लोनिवि प्रांतीय खंड, अल्मोड़ा।