अल्मोड़ा। मानसिक तनाव (स्ट्रेस) अब केवल महानगरों या बड़े शहरों की समस्या नहीं रह गया है बल्कि उत्तराखंड के शांत पहाड़ी इलाकों को भी यह तेजी से अपनी चपेट में ले रहा है। जिला मुख्यालय अल्मोड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मानसिक अवसाद के मामलों में अप्रत्याशित उछाल आया है। स्थानीय मेडिकल कॉलेज के मनोरोग विभाग में हर रोज 40 से अधिक मरीज मानसिक दिक्कतों के साथ पहुंच रहे हैं जिनमें चौंकाने वाली बात यह है कि 15 से 20 मरीज केवल युवा वर्ग से हैं।
चार नवंबर को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय तनाव जागरूकता दिवस की पूर्व बेला पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इस गंभीर चुनौती पर चिंता जताते हुए लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी। कहा मानसिक तनाव आज केवल शहरों तक सीमित नहीं है बल्कि पहाड़ों में भी तेजी से पांव पसार रहा है। जिला मुख्यालय और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मानसिक तनाव (स्ट्रेस) के मामले बेहद तेजी से बढ़ रहे हैं। अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बेस अस्पताल में मनोरोग चिकित्सक के पास रोजाना ऐसे 40 से अधिक मरीज उपचार कराने आ रहे हैं। इन मरीजों में 15 से 20 युवा होते हैं। बदलती जीवनशैली, रोजगार की चिंता, पलायन, अकेलापन और सामाजिक संवाद की कमी लोगों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही है। अल्मोड़ा जैसे पहाड़ी जिले में युवाओं पर प्रतियोगी परीक्षाओं और कॅरिअर बनाने का दबाव है। कई बार लगातार मेहनत के बाद भी सफलता न मिलने पर वे निराशा, चिंता और तनाव महसूस करने लगते हैं। वहीं पलायन के कारण गांवों में अकेले रह रहे बुजुर्ग भी अकेलेपन और भावनात्मक परेशानी से जूझ रहे हैं। इसके अलावा मोबाइल का अत्यधिक उपयोग, अनियमित दिनचर्या और पर्याप्त नींद न लेना भी तनाव को बढ़ा सकता है।
ऐसे पहचानें इसके शुरुआती संकेत
मानसिक तनाव के कुछ संकेत हैं जैसे लगातार उदास रहना, छोटी-छोटी बातों पर घबराहट होना, नींद न आना, चिड़चिड़ापन, किसी काम में मन न लगना और बार-बार नकारात्मक विचार आना। इन संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। हर तनाव डिप्रेशन नहीं होता लेकिन लंबे समय तक बनी रहने वाली परेशानी को गंभीरता से लेना जरूरी है।
तनाव को कहें अलविदा, इन आदतों से लौट आएगी मुस्कान
लाइफस्टाइल सुधारें, दिनचर्या बदलें, दिनचर्या नियमित रखें, पर्याप्त नींद लें, रोज कुछ समय टहलें और योग करें, प्राणायाम व ध्यान को जीवन का हिस्सा बनाएं, मोबाइल का अनावश्यक उपयोग कम करें और परिवार व दोस्तों के साथ बातचीत के लिए समय निकालें।
बेस अस्पताल अल्मोड़ा की क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट, प्रियंका बोनाल ने बताया कि सबसे जरूरी बात यह है कि मानसिक परेशानी को छिपाएं नहीं और न ही अकेले सहते रहें। जिस तरह शारीरिक बीमारी होने पर हम डॉक्टर से सलाह लेते हैं, उसी तरह मन की परेशानी होने पर मनोचिकित्सक या क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट से मदद लेना भी बिल्कुल सामान्य है। मदद मांगना कमजोरी नहीं बल्कि खुद का ख्याल रखने की समझदारी है। आपकी मानसिक सेहत भी उतनी ही जरूरी है जितनी आपकी शारीरिक सेहत।