भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक अजय भट्ट ने नाबार्ड परियोजना के अंतर्गत स्वीकृत सुतनिया-झड़कोट और चैबाट बौली सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों से कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय सीमा के भीतर कार्य को पूर्ण करने को कहा। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अब चंद दिनों की मेहमान है।
श्री भट्ट ने वर्षों से लंबित नाबार्ड परियोजना के अंतर्गत 68 लाख की लागत से सुतनिया-झड़कोट मोटर मार्ग और एक करोड़ की लागत से चैबाट-बौली सड़क निर्माण के लिए भूमि पूजन तथा विनोली केदार में विधायक निधि द्वारा दो लाख की लागत से बने बहुउद्देश्यीय भवन का पूजन का लोकार्पण किया। इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए श्री भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश को सड़क निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करा रही है। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर विकास और आपदा के धन के दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा प्रदेश सरकार चंद दिनों की ही मेहमान रह गई है।
उन्होंने कहा कि जनता 2017 के विधानसभा चुनावों में प्रदेश सरकार के काले कारनामों का जवाब देगी। उन्होंने बीपीएल परिवारों से केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई उज्वला योजना का लाभ उठाने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए नोट बंदी के निर्णय को देश हित में लिया गया सर्वोच्च कदम बताया। इससे पहले ग्रामीणों ने नेता प्रतिपक्ष और विधायक श्री भट्ट का ढोल नगाड़ों के साथ का स्वागत किया। इससे पहले उन्होंने विनायक, सिनार, नौला, केदार, सनणा, पटियाचैरा आदि इलाकों में जनसंपर्क भी किया। इस मौके पर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, त्रिलोक भंडारी, मोहन सिंह आदि मौजूद थे।