सरकार की आली में तीन दिवसीय कुमाउंनी रामलीला का मंचन शुरू हो गया है। रामलीला का उद्घाटन करते हुए प्रदेश कर सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक ने कुमाउंनी भाषा के विकास में ऐसे प्रयासों को सराहनीय बताया।
पहले दिन देवगण स्तुति, राम-सीता जन्म, रावण परिवार की तपस्या, परशुराम-लक्ष्मण संवाद, सीता स्वयंवर का मंचन किया गया। पात्र कुमाउंनी में संवाद बोल रहे हैं। रामलीला देखने के लिए खोल्टा, सरकार की आली आदि क्षेत्रों से दर्शक पहुंच रहे हैं।
इससे पहले टैलेंट ग्रुप द्वारा कुमाउंनी में आयोजित की जा रही रामलीला का उद्घाटन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक ने किया। उन्होंने कुमाउंनी में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि रामलीला मनोरंजन ही नहीं वरन भगवान श्री राम के आदर्शों को जीवन में उतारने की सीख देती है।
उन्होंने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार रामलीलाओं को प्रोत्साहन दे रही है।
25 साल पूरे करने वाली रामलीला कमेटियों को 25 हजार, 50 साल तक रामलीला कराने वाली कमेटियों को 50 हजार, सौ साल तक रामलीला का मंचन कराने वाली कमेटियों को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद दे रही है। राज्य आंदोलनकारी महेश परिहार ने भी विचार रखे। संचालन बिट्टू शर्मा ने किया।
वहां ग्राम प्रधान योगेश नयाल, प्रधान भगीरथी देवी, बीडीसी सदस्य प्रेमा किरमोलिया, महिला मंगल दल अध्यक्ष ममता तिवारी, हेम जोशी, जगदीश नेगी, बब्बू तिवारी, जगदीश पांडे, प्रकाश मेहता, मुकेश जोशी, एनसी जोशी, रजनीश कर्नाटक समेत टैलेंट ग्रुप के सदस्य मौैजूद थे।