शिव मंदिर में सभा को संबोधित करते कृषि एवं उद्यान मंत्री सुबोध उनियाल।
- फोटो : amar ujala
चौबटिया का विश्व विख्यात उद्यान अब पं. दीन दयाल उपाध्याय के नाम से जाना जाएगा। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने यहां भाजयुमो की ओर से आयोजित पं. दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष कार्यक्रम में इसकी घोषणा की। कहा कि केंद्र सरकार गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। चौबटिया स्थित उद्यान को पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। उद्यान के विकास को उन्होंने एक करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की। साथ ही उद्यान का नाम पं. दीन दयाल उपाध्याय के नाम से रखने की भी बात कही। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए सभी से मिलजुलकर कार्य करने पर भी जोर दिया।
शिव मंदिर सभागार में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के कृषि और उद्यान मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार निरंतर अच्छा कार्य कर रही है। भाजपा के नेतृत्व में सभी वर्ग के लोगों का विकास हो रहा है। अध्यक्षता छावनी उपाध्यक्ष मोहन नेगी और संचालन युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने किया। इस दौरान मुख्य वक्ता प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, हंसदत्त बवाड़ी, त्रिभुवन शर्मा, दीप भगत, लक्ष्मण नेगी, प्रेम शर्मा, नईम खान, विमला रावत, कामरान कुरेशी आदि थे।