रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्षेत्र के विभिन्न विकासखंडों में कार्यरत मनरेगा कर्मचारियों को पिछले नौ माह से मानदेय नहीं मिला है। जिस कारण कर्मचारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। तय किया गया कि विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों के देहरादून में चल रहे धरने में शिरकत की जाएगी। इस संबंध में सीएम को ज्ञापन भी भेजा गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि 2005 से मनरेगा कर्मचारी विभिन्न विकासखंडों में उप कार्यक्रम अधिकारी, कंप्यूटर आपरेटर, कनिष्ठ अभियंता, रोजगार सहायक के पदों पर कार्य कर रहे हैं, लेकिन मानदेय की परेशानी शुरू से ही रही है। इस बार उन्हें पिछले नौ माह से मानदेय नहीं मिला है, जबकि तीन साल से टीए का भुगतान नहीं हो सका है।
जिस कारण कर्मचारियों का मनोबल टूट रहा है। समायोजन सहित तमाम मांगों को लेकर पूर्व में भी कई मुख्यमंत्रियों ने उनके आंदोलनों में शिरकत कर सार्थक कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन सभी निरर्थक साबित हुए हैं। ज्ञापन भेजने वालों में द्वाराहाट से नारायण रावत, ताड़ीखेत से धीरज भट्ट, विनोद पांडे, संदीप पांडे, कमलेश पांडे, प्रदीप कुमार, विजय मोहन, गोपाल फर्त्याल, ललित सती शामिल हैं। ब्यूरो