अल्मोड़ा। रोडवेज की बसें अब आधे रास्ते में चालक, परिचालक और यात्रियों को धोखा दे रही हैं। इससे जहां चालक-परिचालक परेशान हो रहे हैं वहीं यात्रियों को भी दूसरे वाहनों या बस ठीक होने का इंतजार करना पड़ रहा है। बुधवार को देहरादून से सवारी लेकर अल्मोड़ा पहुंची रोडवेज बस माॅल रोड पर खराब हो गई और दो घंटे से अधिक समय तक बस खड़ी रही। बाद में मैकेनिक ने बस ठीक कर लोअर माॅल रोड स्थित कार्यशाला रवाना की।
रोडवेज बस (यूके-07 पीए 4222) बुधवार शाम देहरादून रोडवेज बस अड्डे से सवारी लेकर अल्मोड़ा के लिए चली। बृहस्पतिवार की सुबह बस माॅल रोड स्थित पुराने स्टेशन पर पहुंची। बस से यात्री उतर रहे थे तभी बस की फैन बेल्ट टूट गई। सवारी उतरने के बाद बस चालक ने जैसे ही बस स्टार्ट की तो वह स्टार्ट नहीं हुई।
दो घंटे से अधिक समय तक बस खड़ी रही। चालक की सूचना पर मैकेनिक को मौके पर पहुंचा और उसने टूटी फैन बेल्ट को ठीक किया। इसके बाद चालक बस को कार्यशाला ले गया। संयोग रहा कि बस की फैन बेल्ट यात्री उतरने के बाद टूटी। यदि रास्ते में चलती बस का फैन बेल्ट टूट जाती तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
रास्ते में आए दिन दगा दे जाती है रोडवेज की खटारा बसें
रोडवेज की खटारा बसें आए दिन यात्रियों को दगा रही हैं। कभी बीच रास्ते में फैन बेल्ट टूट जाती है तो कभी चलती बस का प्रेशर पाइप फट जाता है। इस कारण यात्रियों की जान पर बन आती है। 28 जुलाई 2024 को हरिद्वार से अल्मोड़ा आ रही रोडवेज की बस चौघानपाटा के पास खराब हो गई थी। इसके बाद 29 अगस्त 2024 को बागेश्वर डिपो की बरेली से बागेश्वर जा रही बस अल्मोड़ा के चौघानपाटा में खराब हो गई थी। 30 अगस्त 2024 को अल्मोड़ा-मासी बस करबला में बीच सड़क पर खराब हो गई थी। 20 सितंबर 2024 को लोअर माल रोड स्थित कार्यशाला से रवाना हुई रोडवेज की मासी की बस करबला के पास खराब हो गई थी।
कोट-
रोडवेज की खटारा बसें आए दिन खराब हो जाती हैं। इसके बाद भी इन्हें ठीक करने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में परिवहन की सुविधाएं ठीक न होने से यात्रियों को टैक्सी वाहनों में महंगा सफर तय करना पड़ रहा है। - मोहन नयाल, अल्मोड़ा
रोडवेज की बसों का आए दिन खराब होना आम बात हो गई है। वर्कशॉप में बसों को सुधारने के लिए कुशल मैकेनिक नहीं हैं। उपकरणों की कमी के कारण उन्हें खराब बसों को सुधारने में दिक्कत होती है। सरकार से परिवहन सेवाओं को ठीक करने के दावे पूरी तरह फेल हैं। - मयंक भोज, अल्मोड़ा
कोट
देहरादून से अल्मोड़ा पहुंची बस का माॅल रोड पर फैन बेल्ट टूट गई थी। मैकेनिक को मौके पर भेजा गया। फैन बेल्ट ठीक कर ली गई है। बस कार्यशाला पहुंच चुकी है। - सुरेश नेेगी, फोरमैन, रोडवेज डिपो अल्मोड़ा।