अस्पताल परिसर में कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के साथ वार्ता करते पीएमएस।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। स्थापना के बाद से अब तक नगर का मुख्य जिला अस्पताल बगैर औषधि भंडार गृह के ही चल रहा है। अस्पताल में आने वाली दवाइयों को अस्पताल के अलग-अलग कक्षों में रखा जा रहा है। जिससे अस्पताल में चार कक्ष दवाएं रखे होने के कारण किसी और काम में नहीं आ रहे हैं। पिछले साल अस्पताल प्रशासन ने शासन को पत्र भेजकर नया औषधि भंडार गृह बनवाने की अनुमति मांगी थी। एक साल बाद ही सही शासन से मंजूरी मिलने के साथ ही भंडारगृह बनवाने के लिए बजट जारी हो गया है।
जिला अस्पताल में हर रोज चार सौ से पांच सौ के बीच ओपीडी होती है और इन मरीजों को दी जाने वाली दवाएं भी अस्पताल के अलग-अलग कक्षों में रखी जाती हैं। मानकों के अनुसार मुख्यालय के अस्पतालों में औषधि भंडार का होना जरूरी है, लेकिन जिला अस्पताल बिना औषधि भंडार गृह के है।
अब जल्द ही जिला अस्पताल परिसर में जन औषधि भंडार गृह बनने जा रहा है। अस्पताल के पीएमएस डॉ. प्रकाश वर्मा ने पिछले वर्ष शासन को इस संदर्भ में पत्र भेजा था। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद करीब 12.48 लाख रुपये स्वीकृत भी हो चुका है।
कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग इस काम को देख रहा है। बृहस्पतिवार को कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने अस्पताल परिसर में कक्ष निर्माण के संदर्भ में अस्पताल प्रशासन से बातचीत की और जगह को भी देखा। इधर पीएमएस डॉ. प्रकाश वर्मा ने बताया कि स्वीकृति के बाद पैसा आ चुका है। दो तीन माह के भीतर नया औषधि भंडार गृह तैयार हो जाएगा।