अल्मोड़ा के निकट कोसी नदी में नहाने के दौरान रानीखेत के दो युवकों की डूबकर मौत हो गई। आटीबीपी के जवानों और अन्य लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन भंवर में फंस जाने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रानीखेत के पांच युवक शहफान, राहुल डोगरा, हेमंत डोगरा, त्रिभुवन रावत और मनमोहन दो बाइकों में सवार होकर कोसी के निकट स्थित आरटीओ ऑफिस में कुछ काम के लिए आए थे।
दोपहर रानीखेत लौटते वक्त दो युवक मो. शहफान (23) पुत्र मो. सुहेल और राहुल डोगरा (25)पुत्र भगत सिंह डोगरा निवासी डोबा गनियाद्योली रानीखेत, कोसी कस्बे के निकट पावर हाउस के पास नदी में नहाने उतर गए।
नहाने के दौरान दोनों नदी में स्थित गहरे खोह (भंवर) में फंस गए। आसपास खड़े अन्य लोगों के शोर मचाने पर कुछ तैराक उन्हें बचाने नदी में कूदे लेकिन सफलता नहीं मिली।
बिमौला मुख्यालय से आईटीबीपी के जवान भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कोशिश करके दोनों युवकों को बाहर निकाला। दोनों को आईटीबीपी की एंबुलेंस में अल्मोड़ा के बेस अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एसडीएम रिंकू बिष्ट और कोतवाल संजय गर्ब्याल ने बेस अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। मृतक शहफान राजकीय पालीटेक्निक द्वाराहाट से डिप्लोमा कर रहा था जबकि राहुल डोगरा दिल्ली में प्राइवेट नौकरी में था। घटना की जानकारी मिलने पर दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।