अल्मोड़ा। नगर के बालेश्वर वार्ड स्थित ढूंगाधारा क्षेत्र में क्षतिग्रस्त चैंबर और अवरुद्ध नाली से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। क्षेत्र निवासी हरीश चंद्र तिवारी ने नगर निगम आयुक्त से चैंबर की मरम्मत, नाली की सफाई और उसके ऊपर डाली गई पाइप लाइनों को अन्य स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की है।
हरीश चंद्र तिवारी ने बताया कि वर्ष 2024 में इस समस्या को लेकर नगर पालिका से शिकायत की गई थी। इसके बाद तत्कालीन अधिशासी अधिकारी ने संबंधित पत्र जल संस्थान को भेजा था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि बालेश्वर वार्ड के ढूंगाधारा स्थित पार्वती निवास के समीप मानसून के दौरान चैंबर की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी।
नाली के ऊपर बिछाई गई पाइप लाइनों के कारण नाली की समुचित सफाई नहीं हो पा रही है, जिससे पानी का बहाव बाधित हो रहा है। नाली के जाम होने से पानी का रिसाव आसपास के मकानों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि यदि शीघ्र मरम्मत और नाली की सफाई नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने नगर निगम से जल्द कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। संवाद