अल्मोड़ा। बैंकों में लगातार तीन दिन अवकाश होने के दूसरे दिन रविवार को ही अधिकतर बैंकों के एटीएम जवाब दे गए। कैश न होने के कारण नगर के कई बैंकों के एटीएम शटर डाउन रहे। हालांकि एसबीआई की मुख्य शाखा, पीएनबी बैंकों के एटीएम से लोगों को थोड़ी बहुत राहत मिली। यहां पैसे निकालने के लिए लोगों को घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
बैंकों और कार्यालयों में तीन दिन लगातार छुट्टी है। कार्यालयों में छुट्टी होने के कारण नौकरीपेशा लोग बाजारों में खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। खरीदारी को अधिकांश लोग बैंकों के एटीएम में रुपए निकालने पहुंच रहे हैं लेकिन बैंकों में तीन दिन की छुट्टी होने के कारण अधिकांश बैंकों के एटीएम में कैश खत्म हो गया है।
रविवार को एसबीआई की मुख्य शाखा, पीएनबी बैंक के एटीएम से लोगों को थोड़ी बहुत राहत मिली। यहां पैसे निकालने के लिए लोगों को घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। अन्य बैंकों के एटीएम बंद रहे। एटीएम से धनराशि न निकल पाने के कारण लोगों को रोजमर्रा के खर्चों के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।