स्थानीय स्टेडियम में आयोजित स्व. जवाहर सिंह कनवाल नाइन-ए-साइड फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल ऐरो क्लब रानीखेत की टीम ने जीत लिया है। विलेज यूनियन खत्याड़ी की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला ऐरो क्लब रानीखेत और विलेज यूनियन खत्याड़ी के मध्य खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें एक-एक गोल की बराबरी पर रही। बाद में फैसला पेनाल्टी शूट आउट के जरिए हुआ। जिसमें ऐरो क्लब रानीखेत की टीम 5-4 गोल के अंतर से विजयी रही और फाइनल जीत लिया। विलेज यूनियन खत्याड़ी की टीम उपविजेता रही। रेफरी भारत लाल टम्टा थे। इससे पूर्व पहले सेमीफाइन में विलेज यूनियन खत्याड़ी ने नाइन कुमाऊं अल्मोड़ा को 3-1 और दूसरे सेमीफाइनल में ऐरो क्लब रानीखेत ने मुनस्यारी ब्वायज को 3-2 के अंतर से हराकर फाइनल में स्थान बनाया था। समापन समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, विशिष्ट अतिथि बसपा नेता शेखर लखचौरा आदि ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्राफी और खिलाड़ियों को पुरस्कार बांटे। इस मौके पर ग्राम प्रधान खत्याड़ी हरीश कनवाल, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश बिष्ट, भाजपा जिला महामंत्री रवि रौतेला, भूपेंद्र कनवाल, कमलेश कनवाल, हर्ष कनवाल आदि थे।