बागेश्वर के सरयू तट पर दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से कराए गए दीपदान और आतिशबाजी का आकर्षक नजारा।
बागेश्वर। शारदीय नवरात्र की अष्टमी को दुर्गा पूजा कमेटी ने भव्य दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया। सरयू नदी के दोनों छोर पर बने घाटों में हजारों दीपक जलाए गए। दीयों की रोशनी से पूरी बागनाथ नगरी जगमगा गई। हजारों लोगों ने इस अद्भुत नजारे का दीदार किया।
हर साल आश्विन नवरात्र के आठवें दिन दुर्गा पूजा कमेटी दीपदान कार्यक्रम आयोजित करती है। मंगलवार को दिन से ही कार्यकर्ता सरयू घाटों पर दीपक लगाना शुरू कर चुके थे। देर शाम तक दोनों छोर के तट दीयों से भर गए। सायंकाल सरयू नदी की आरती के बाद करीब पौने आठ बजे दीये जलाए गए।
एक साथ सैकड़ों दीपक जले तो पूरा सरयू नदी का तट जगमग हो गया। इसी दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई।
नदी तट, नुमाइशखेत मार्ग पर बने विश्राम स्थल, बागनाथ पुल और नदी किनारे बने मकानों के छत और खिड़कियों से लोगों ने इस विहंगम दृश्य का दीदार किया। इस मौके पर कमेटी के अध्यक्ष मुकेश साह, उमेश साह, गोविंद जगाती, बृजकिशोर वर्मा, नवीन लोहनी समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।