मुख्यमंत्री हरीश रावत 25 जनवरी को सुदूरवर्ती स्याल्दे विकासखंड के देघाट आएंगे और यहां बरंगल खल्डुवा स्थित महर्षि दयानंद विद्या मंदिर के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने देहरादून जाकर पूर्व विधायक रणजीत रावत के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात की और वल्मरा-केदार, महरोली-चित्तौड़खाल आदि स्वीकृत मोटर मार्गों का शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की भी मांग उठाई।
देहरादून से लौटे जनप्रतिनिधियों ने बताया कि मुख्यमंत्री हरीश रावत को उन्होंने स्याल्दे क्षेत्र की समस्याओं के बारे में भी बताया। स्वीकृत वल्मरा-केदार, महरोली-चित्तौड़खाल, कलियालिंगुड़-चंथरखाणी, माईथान-बरंगल, नगरकोटिया-कोठा मोटर मार्गों का निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
साथ ही वंचित पांच ग्राम पंचायतों को स्याल्दे तहसील में शामिल कराने की भी गुजारिश की। मुख्यमंत्री ने सार्थक आश्वासन दिया। साथ ही दयानंद विद्या मंदिर के वार्षिकोत्सव में आने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।
शिष्टमंडल में ब्लॉक अध्यक्ष कुंवर सिंह कठायत, पूर्व प्रमुख गंगा पंचोली, विद्यालय के प्रबंधक बची राम शर्मा, ज्येष्ठ प्रमुख भूपाल रावत, बीडीसी त्रिलोक बेलवाल, प्रधान मीना शर्मा, हीरा रावत, बालादत्त शर्मा, श्यामदत्त बंगारी, चंदन पंचोली, भगवती प्रसाद आदि शामिल थे।