अल्मोड़ा। एसएसजे विश्वविद्यालय के अधीन सभी परिसर और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुए। अब विश्वविद्यालय प्रशासन छात्र महासंघ चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। नौ अक्तूबर को विवि छात्र महासंघ के पदों पर मतदान होगा। इसमें विवि प्रतिनिधि प्रत्याशियों की हार और जीत का फैसला करेंगे।
एसएसजे विवि में नौ अक्तूबर को छात्र महासंघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पदों के चुनाव होगा। परिसर और महाविद्यालय के विजेता विवि प्रतिनिधि के इस चुनाव में मतदान करेंगे। अब तक विवि में दो बार हुए छात्र महासंघ चुनाव के अध्यक्ष पद पर एबीवीपी का कब्जा रहा है। वर्ष 2022 में एबीवीपी के देवाशीष सिंह धानक और वर्ष 2023 में एबीवीपी के वरुण कपकोटी ने छात्र महासंघ अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की थी।
ऐसे में इस बार भी एबीवीपी से अध्यक्ष पद के संभावित प्रत्याशी निखिल कपकोटी मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। लेकिन इस बार छात्र महासंघ पदों पर किन प्रत्याशी को जीत का स्वाद मिलेगा और किसके हाथ मायूसी लगेगी इसका फैसला नौ अक्तूबर को होगा।
कोट
- छात्र महासंघ का चुनाव नौ अक्तूबर को होगा, इसकी अधिसूचना चार अक्तूबर को जारी की जाएगी। परिसर और महाविद्यालयों से विवि प्रतिनिधियों की सूची मांगी गई है। - प्रो. जगत सिंह बिष्ट, विवि छात्रसंघ चुनाव संयोजक, एसएसजे विवि, अल्मोड़ा