रानीखेत (अल्मोड़ा)। ताड़ीखेत के ग्राम सरना में शहीद सम्मान यात्रा 2.0 के तहत सिपाही बृजेश रौतेला (सात कुमाऊं) को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल विजय मनराल ने शहीद के घर-आंगन की पवित्र मिट्टी ताम्र कलश में संग्रहित की।
कर्नल मनराल ने बताया कि ऑपरेशन स्नो लैपर्ड में शहीद हुए सिपाही बृजेश रौतेला की वीरता और समर्पण को याद करते हुए परिजनों, अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने शहीद के चित्र पर माल्यार्पण किया और दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान शहीद के माता-पिता, पिता दलवीर सिंह रौतेला और माता पुष्पा रौतेला, ने भावुकता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके बेटे का बलिदान हमेशा परिवार और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
तत्पश्चात माता-पिता के करकमलों से शहीद के घर-आंगन की पवित्र मिट्टी ताम्र कलश में संग्रहित की गई। कार्यक्रम में सैनिक कल्याण कार्यकर्ता कुंदन सिंह, कैलाश सिंह, राजेन्द्र सिंह, नरेंद्र सिंह रावत, रमेश खनायत आदि मौजूद रहे।