केमू स्टेशन अल्मोड़ा में पसरा सन्नाटा।
- फोटो : अमर उजाला
तीन वर्ष से कम उम्र के बच्चों को सवारी में गिनने तथा ओवर सीट मानकर चालान करने के विरोध में कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड (केमू) की शुक्रवार से हड़ताल शुरू हो गई है। जिला मुख्यालय से केमू की कोई बस नहीं चलने से यात्री काफी परेशान रहे। केमू स्टेशन में सन्नाटा पसरा रहा। हड़ताल के चलते केमू के अल्मोड़ा परिक्षेत्र को करीब तीन लाख रुपये का घाटा हुआ।
केमू के अधिशासी निदेशक महेश चंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि केमू स्टेशन अल्मोड़ा से पिथौरागढ़ को आठ, बागेश्वर को 25, सेराघाट को सात बसों के अलावा गंगोलीहाट, जैंती आदि स्थानों को सेवाएं संचालित होती हैं। हल्द्वानी से अल्मोड़ा को प्रतिदिन 18 बसें चलती हैं जो अल्मोड़ा होते हुए आगे के स्टेशनों को निकलती हैं। हड़ताल के कारण शुक्रवार को केमू की बसों का संचालन ठप रहा। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हड़ताल से केमू के अल्मोड़ा परिक्षेत्र को तीन लाख रुपये का घाटा झेलना पड़ा। केमू मालिकों का कहना है कि तीन वर्ष से कम उम्र के बच्चों का टिकट नहीं लिया जाता है। आरोप लगाया कि पुलिस इसे सवारी में गिनने के साथ ही ओवर सीट मानकर चालान कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस चौकियों में रूट चार्ट तथा अन्य वाहन संबंधी पत्रावलियां मांग कर वाहन को गंतव्य तक पहुंचाने में बिना वजह ही समय नष्ट किया जा रहा है। उधर केमू की हड़ताल के चलते शुक्रवार को टैक्सियों में काफी भीड़ रही।