अल्मोड़ा। शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार जारी रहा। इससे कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा। उन्होंने शिक्षा निदेशक से मारपीट करने पर रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
मंगलवार को प्रारंभिक (बेसिक) शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल से हुई मारपीट के विरोध में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने शिक्षक सयुंक्त मोर्चा के बैनर तले सीईओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर नारे लगाए।
उन्होंने कहा कि विधायक और उनके सहयोगियों ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक के साथ मारपीट की। यह कर्मचारी, अधिकारी और शिक्षक के लिए अपमान है। सोमवार को कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया लेकिन उन्हें बेल दे दी गई।
उन्होंने कहा कि सरकार इस घटना में शामिल विधायक और उनके सहयोगियों को बचाना चाहती है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। प्रर्दशन करने वालों में जिलाध्यक्ष पान सिंह मेर, सचिव दुर्गा सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष गोविंद सिंह मेहता, जगदीश सिंह, बलवंत तड़ागी, दिनेश चंद्र आर्या, दयाल सिंह, सुरेंद्र कुमार, राजेंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे।