इसी डाग स्क्वाड द्वारा ढूढा गया शव।
- फोटो : amar ujala
छह दिन पहले महतगांव में एक शादी से लापता हुए युवक का शव बुधवार को महतगांव से कुछ दूर कोसी नदी के किनारे पड़ा मिला। कई दिनों से उसकी तलाश की जा रही थी। बुधवार की सुबह डॉग स्क्वायड की सहायता से युवक शव बरामद हुआ। युवक की मौत की खबर मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। घटना का जानकारी मिलने पर एसएसपी पी रेणुकादेवी ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। तत्काल फारेंसिंक टीम को बुलाकर फिंगर प्रिंट आदि ले लिए गए। प्रथम दृष्टया पुलिस यह मान रही है कि ऊंचाई से गिरने के कारण सिर में गंभीर चोट आने से युवक की मौत हुई, लेकिन दूसरी ओर परिवार से जुड़े लोग युवक की हत्या की आशंका से इंकार नहीं कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इस मामले में पुलिस मृतक के साथियों से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक 24 नवंबर को अल्मोड़ा-सोमेश्वर मार्ग पर अल्मोड़ा से करीब 14 किमी दूर महतगांव में एक बारात की पार्टी थी। देर रात हिमांशु धर्मशक्तू (27) भी अपने तीन-चार दोस्तों के साथ पार्टी में पहुंचा। रात में वह अचानक पार्टी से लापता हो गया। उसकी बाइक भी शादी वाले घर के पास ही खड़ी थी। अगले दिन उसके दोस्त बाइक को लेकर न्यू इंदिरा कॉलोनी (खत्याड़ी) उसके घर पहुंचे। इसके बाद परिवारजनों की चिंता बढ़ गई और सभी लोग उसकी तलाश में जुट गए। कोतवाली में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कर ली गई। पिछले दो-तीन दिन से पुलिस की टीमें भी उसकी खोज में लगी थीं लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह कोतवाल चंद्र मोहन सिंह के साथ ही सोमेश्वर के थानाध्यक्ष बिजेंद्र साह आदि के नेतृत्व में पुलिस और पीएसी के जवानों की टीम डॉग स्क्वायड को साथ लेकर महतगांव के पास पहुंची। टीम पैदल आगे बढ़ रही थी कि अचानक प्रशिक्षित डॉग भौंकते हुए सड़क से नीचे उतरने की कोशिश करने लगा। वहां झांकने पर एक शव नजर आया। उसके बाद पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर उसकी पहचान कर ली।
मृतक के सिर पर गंभीर चोट का निशान है। प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है कोि ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौत हो गई होगी। घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी पी रेणुकादेवी भी मौके पर पहुंचीं। एसएसपी के निर्देश पर फॉरेंसिंग जांच टीम ने भी मौके से फिंगर प्रिंट आदि लिए गए। इसके बाद शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल परिवारजनों ने किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं कराया है लेकिन परिवार से जुड़े लोग युवक की हत्या की आशंका भी जता रहे हैं। इधर एसएसपी पी रेणुकादेवी ने बताया है कि ऊंचाई से गिरने के कारण युवक के सिर में गंभीर चोट आने को मौत का कारण माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस हर कोण से मामले की जांच करके तह तक पहुंचने की कोशिश करेगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
दो बहनों का इकलौता भाई था हिमांशु
संदिग्ध रूप से मौत का शिकार हुआ हिमांशु मां-बाप का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन डॉक्टर है जबकि दूसरी दिल्ली में स्थित किसी कंपनी में नौकरी करती है। हिमांशु सबसे छोटा था। उसके पिता बलवंत सिंह धर्मशक्तू सेंट्रल बैंक गरमपानी शाखा में प्रबंधक पद पर कार्यरत हैं। हिमांशु ने भी बीटेक किया है और पिछले कुछ समय से दिल्ली में रहकर सिविल सर्विस की परीक्षा की तैयारी में लगा था। कुछ दिन चपहले ही वह घर आया था।