खंड शिक्षा अधिकारी एचआर राजन के आश्वासन के बाद जीआईसी बंगोड़ा में ग्रामीणों का आंदोलन खत्म हो गया है। विद्यालय से छह शिक्षकों का एक साथ स्थानांतरण होने से ग्रामीण पिछले एक हफ्ते से आंदोलनरत थे। इधर बीईओ ने आश्वासन दिया कि प्रतिस्थानी के पहुंचने के बाद ही स्थानांतरित शिक्षकों को रिलीव किया जाएगा। अब 22 अप्रैल से विद्यालय में पठन पाठन सुचारू हो जाएगा।
मालूम हो कि जीआईसी बंगोड़ा से एक साथ चार प्रवक्ताओं और दो एलटी शिक्षकों का स्थानांतरण हो गया था, विद्यालय में शिक्षकों की पहले से ही कमी थी। इस पर अभिभावक और ग्रामीण भड़क गए। पिछले एक हफ्ते से ग्रामीणों ने विद्यालय में तालाबंदी कर रखी थी। इधर शुक्रवार की सुबह जैसे ही विद्यालय में खंड शिक्षा अधिकारी एचआर राजन पहुंचे तो उन्हें अभिभावकों का आक्रोश झेलना पड़ा। आक्रोशित अभिभावकों ने नारेबाजी भी की। बाद में बीईओ ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बैठक की, तय हुआ कि प्रतिस्थानी आने के बाद ही स्थानांतरित शिक्षकों को रिलीव किया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि आश्वासन पूरे नहीं हुए तो फिर से विद्यालय में तालाबंदी कर दी जाएगी, साथ ही बच्चों के नाम कटवा लिए जाएंगे। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन खत्म कर दिया, अब कल शनिवार से विद्यालय में विधिवत रूप से पठन पाठन शुरू हो जाएगा। इस मौके पर पीटीए अध्यक्ष हंसी देवी, देवकी देवी, आनंद प्रकाश, नवीन रावत, गणेश राम आर्य, जिला पंचायत सदस्य सुंदर खाती, जीवन सिंह, कैलाश पंत, खीम सिंह, महेश चंद्र, रूप राम, राम सिंह रावत सहित तमाम लोग मौजूद थे।