युवाओं और स्कूली बच्चों को नशे की लत से बचाने के लिए पुलिस का अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान पुलिस टीम ने तीन युवकों को जिलाधिकारी आवास के नीचे सुनसान क्षेत्र में नशा करते हुए पकड़ा। इधर एसएसपी ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए सामाजिक संगठनों के अलावा स्कूलों के प्रधानाचार्याें के साथ बैठक कर समस्या के निदान में सहयोग करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
एसएसपी कार्यालय में डे-केयर सेंटर, महिला कल्याण संस्था, सर्वदलीय महिला संस्था, महाविद्यालय प्रवक्ता, स्कूलों के प्रधानाचार्यों, भूतपूर्व सैनिक संगठन समेत नगर के गणमान्य लोगों के साथ हुई बैठक में वक्ताओं ने नगर में चरस, ड्रग, गांजा, नशे की गोलियां, शराब आदि के सेवन की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने बच्चों में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने की पुलिस की मुहिम की तारीफ करते हुए मादक पदार्थों की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, सुनसान क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और सूचना देने वाले का नाम सार्वजनिक नहीं किए जाने की मांग की।
उन्होंने एसएसपी से डिग्री कालेजों, स्कूल परिसर को नशा मुक्त रखने में भी मदद करने की मांग की। एसएसपी डीएस कुंवर ने बैठक में मौजूद लोगों और बच्चों के अभिभावकों से जागरूक रहने और नशे से संबंधित जानकारी पुलिस से साझा करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि नशे के आदी किशोरों को सुधारने के लिए पुलिस द्वारा काउंसिलिंग प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इन भटके किशोरों को पुलिस लाइन में आर्ट ऑफ लिविंग विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिलाए जाने की योजना की जानकारी दी। एसएसपी ने बताया कि तीन युवकों को जिलाधिकारी आवास के नीचे सुनसान क्षेत्र में नशा करते हुए पकड़ा गया है जिनकी काउंसिलिंग की जा रही है। बैठक में अर्बन बैंक अध्यक्ष आनंद सिंह बगडवाल, डा. जेसी दुर्गापाल, डे केयर सेंटर की अध्यक्ष लीला टम्टा, महिला कल्याण संस्था से रीता दुर्गापाल, प्रो. शेखर जोशी, प्रो. दया पंत, प्रो. एचडी जोशी, प्रो. एमएम जिन्नाह, प्रो. पीडी भट्ट, पीजी गोस्वामी, लता पांडे, प्रताप सत्याल, किरन पंत, लक्ष्मण ऐठानी, गीता साह, कमलेश मिश्र, लीला बोरा, किरन साह, मंजू रावत समेत पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
नशा करने वालों के साथ-साथ नशा करने वाली जगहों के बारे में लोगों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने धारानौला, कसारदेवी, करबला, एडम्स, एनटीडी, कलक्ट्रेट के निकट पार्क, राजपुरा, सरसों-माल, धारानौला मार्ग, कोचिंग सेंटरों और नगर के सुनसान क्षेत्रों के आस-पास के स्थानों में नजर रखनी शुरू कर दी है। एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस की टीम इन जगहों पर सूचनाएं एकत्र कर नशा बेचने और नशा करने वालों की धरपकड़ में लग गई है।